
महाशिवरात्रि पर ब्रह्मा कुमारीज गांधीनगर में आयोजित हुआ भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम
चित्तौड़गढ़ ळ, राजस्थान। ब्रह्मा कुमारीज गांधीनगर सेवा केंद्र द्वारा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रावतभाटा से पधारी राज योगिनी एवं मोटिवेशनल स्पीकर अंकिता दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन द्वारा महाशिवरात्रि के आध्यात्मिक रहस्य और आत्मिक जागृति का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्काउट गाइड ट्रेनिंग सेंटर के सीईओ चंद्रशेखर श्रीवास्तव जी रहे, जिन्होंने ब्रह्मा कुमारीज द्वारा किए जा रहे आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुंबई से पधारी विनीता बहन का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। सेवा केंद्र की संचालिका कविता बहन के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन आध्यात्मिक ज्ञान, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुपम संगम रहा।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण एक कन्या द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण नृत्य रहा, जिसने शिव भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं को सुंदर रूप में अभिव्यक्त किया। नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थित सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में यह प्रतिज्ञा कराई गई कि वे अपने जीवन में पवित्रता, शांति, सकारात्मकता एवं परमात्मा स्मृति को अपनाकर समाज में नैतिक मूल्यों का प्रसार करेंगे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ।




