
गंगरार पुलिस का हथियार तस्करों पर वार, दो पिस्टल और बरामद, अब तक 3 पिस्टल-5 मैगजीन जब्त
सिकलीगर-नायक गैंग का पर्दाफाश, SP धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में कार्रवाई, सप्लायर की तलाश जारी
चित्तौड़गढ़, राजस्थान। अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गंगरार थाना पुलिस ने दो और अवैध पिस्टल व दो मैगजीन बरामद की हैं। इस ताजा बरामदगी के साथ ही इस गिरोह से अब तक तीन पिस्टल और पांच मैगजीन जब्त हो चुकी हैं।
कैसे हुआ खुलासा:
SP धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ASP मुकुल शर्मा के निर्देशन और DSP गंगरार शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी श्यामा राम के नेतृत्व में टीम ने 26 मई को बड़ी कार्रवाई की थी।
ASI शैतान सिंह मय जाब्ते ने मुखबिर की सूचना पर “द राईट चॉईस होटल” के सामने भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर दबिश दी। वहां अवैध पिस्टल का खरीददार बबलू सिकलीगर और बेचने वाले दीपक उर्फ दीपू नायक, निखिल भोई व जितेंद्र माली को रंगे हाथों पकड़ा गया।
मौके पर बरामदगी:
बबलू से एक पिस्टल मय मैगजीन, दीपक और निखिल से एक-एक मैगजीन जब्त की गई। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया गया।
रिमांड में उगला राज, मकान से निकला जखीरा
आरोपियों को PC रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपी निखिल भोई ने कबूला कि पहले भी बबलू सिकलीगर को दो पिस्टल बेची थीं।
पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जा चुके बबलू को फिर से जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके मकान से दो और अवैध पिस्टल बरामद कर ली गईं।
सप्लायर की तलाश तेज
SP धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक कुल 3 पिस्टल और 5 मैगजीन जब्त हो चुकी हैं। इन आरोपियों को हथियार सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम:
थानाधिकारी श्यामा राम, ASI शैतान सिंह, ASI शिवलाल, ASI फुलचंद, कांस्टेबल नंदराम, प्रदीप कुमार, बलवीर सिंह, कृष्ण कुमार, कुंजीलाल आदि।




