
निंबाहेड़ा महिला कंटेंट क्रिएटर ने बिजनेसमैन पर लगाए अश्लील चैटिंग के आरोप, FIR दर्ज
निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, राजस्थान। एक महिला कंटेंट क्रिएटर की शिकायत पर निम्बाहेड़ा पुलिस ने स्थानीय बिजनेसमैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। FIR के अनुसार, आरोपी पर व्हाट्सएप पर अश्लील चैटिंग और लज्जा भंग करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 75(2), 78(2) और 79 के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
FIR के अनुसार क्या है मामला?
परिवादिया निंबाहेड़ा निवासी एक महिला पेशे से कंटेंट क्रिएटर हैं। FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, उन्होंने पुलिस को बताया कि मनोज शोरूम के मालिक दिलीप मोदी ने उनसे बिजनेस वीडियो बनाने के लिए संपर्क किया था।
शिकायत के अनुसार, एक महीने पहले दिलीप मोदी के लिए वीडियो बनाने का काम पूरा हो चुका था और भुगतान भी हो गया था। इसके बाद कोई लेन-देन बकाया नहीं था। FIR में आरोप है कि इसके बाद दिलीप मोदी ने महिला का व्हाट्सएप ब्रॉडकास्ट प्रोफाइल देखकर दोबारा संपर्क किया और वीडियो बनाने के बहाने चैटिंग शुरू की।
FIR में दर्ज चैट का आरोपित विवरण
FIR के अनुसार, 4 जून 2026 को शाम के समय आरोपी ने महिला को मैसेज कर कथित तौर पर कहा कि “आप मस्त लग रहे हो, आपके बाल मस्त हैं।” शिकायत में आगे आरोप है कि जब महिला ने वीडियो के बजट के बारे में पूछा तो आरोपी ने कथित तौर पर लिखा – “वीडियो की रेट में शोरूम वालों का तो बजट कम है, मगर मैं शोरूम के अलावा पर्सनली पैसे दे दूंगा।”
FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने बार-बार “पर्सनल में आओ, आपको अलग से पैसे दे दूंगा। आपकी रेट क्या है, आप टेढ़े न फिर मस्त हो” जैसे शब्दों का प्रयोग किया। महिला का आरोप है कि उन पर पर्सनली अकेले मिलने और बिजनेस के अलावा बात करने के लिए दबाव बनाया गया।
पुलिस की कार्रवाई
FIR के अनुसार, परिवादिया ने 7 जून 2026 को शाम 5:25 बजे थाना कोतवाली निम्बाहेड़ा में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप-निरीक्षक तेज सिंह को सौंपी है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला BNS की धारा 75(2), धारा 78(2) और धारा 79 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच जारी, आरोपी का पक्ष नहीं मिल सका
महिला ने FIR में पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की गई, पर उनका पक्ष नहीं मिल सका।




