इंदौर में खूनी दीपावली, पुलिस सुरक्षा के बीच 13 घंटे में तीन हत्याओ से शहर में दहशत

इंदौर में खूनी दीपावली, पुलिस सुरक्षा के बीच 13 घंटे में तीन हत्याओ से शहर में दहशत
इंदौर, मध्यप्रदेश। शहर में दीपावली से पहले पुलिस कमिश्नर ने ‘सुरक्षा चाक-चौबंद’ और ‘स्मार्ट पेट्रोलिंग’ के दावे किए थे, लेकिन पुलिस की तमाम मुस्तैदी को धता बताते हुए अलग-अलग हुई वारदातों में आरोपियों ने मात्र 13 घंटे में 3 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इसमें दो वारदात चाकूबाजी की, जबकि चौथी वारदात गोलीबारी की हुई। हालत यह थी कि खून से लथपथ युवक सड़कों पर तड़पते रहे, वहीं उक्त वारदातों को लेकर रातभर पुलिस वाहन के सायरन चीखते रहे। हालांकि आजाद नगर पुलिस ने चंद घंटों में ही ढोलची की हत्या का खुलासा कर आरोपियों को राउंडअप कर लिया, जबकि दो अन्य वारदातों के आरोपी फरार हैं।
वारदात -1 : हिस्ट्रीशीटर को मुस्लिम बदमाशों ने उतारा मौत के घाट
सोमवार रात करीब 1 बजे आजाद नगर के पालदा इलाके में राजा सोनकर (30) दोस्तों के साथ बस डिपो के पास शराब पार्टी कर रहा था। कुछ ही देर में हंसी-ठिठोली झगड़े में बदल गई और देखते ही देखते आधा दर्जन लोगों ने राजा पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। सीसीटीवी में राजा हमले के बाद लहूलुहान हालत में भागता दिखा, पर बदमाशों ने पीछा नहीं छोड़ा। घायल राजा को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेंद्र भदौरिया ने बताया आरोपी सरफराज, जब्बार, आवेश उर्फ खाखड़, आऊ उर्फ अरमान, शाकिर, रशीद उर्फ मुन्ना, नासिर उर्फ अंडा, इदरीश उर्फ मो. हनीफ, फिरोज पिता यूसुफ शाह और नदीम को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गोलू सिलावट और विक्की सिलावट को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। दोनों की भूमिका संदिग्ध है।

मृतक राजा सोनकर
थप्पड़ जड़ना पड़ गया भारी
पुलिस ने आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ की तो खुलासा हुआ कि घटना दिनांक को मृतक राजा दोस्त वसीम, बच्चा, मोहित और सरफराज के साथ डंपिंग यार्ड में डंपर के पीछे बैठकर पार्टी कर रहा था। उसी दौरान किसी बात पर राजा ने सरफराज को थप्पड़ जड़ दिए। विरोध करने पर राजा ने बोला बुला ले जिसको बुलाना है। इस पर सरफराज ने आऊ उर्फ अरमान को बुलाया तो राजा ने उसे भी पीट दिया। इसके बाद आऊ ने अपने साथी जब्बार, आवेश उर्फ खाखड़, शाकिर, रशीद उर्फ मुन्ना, नासिर उर्फ अंडा, इदरीश उर्फ मो. हनीफ, फिरोज पिता यूसुफ शाह और नदीम को बुला लिया, जिन्होंने आते ही राजा, बसीम व बच्चा के साथ मारपीट की और राजा पर चाकू से हमला कर दिया। खून अधिक बहने से राजा की मौत हो गई। इधर, जांच में सामने आया कि मृतक राजा संयोगितागंज थाने का लिस्टेड बदमाश था। हाल ही में उसे जिलाबदर किया गया था, जिसकी अवधि 29 अक्टूबर को खत्म होना थी, लेकिन राजा दीपावली मनाने के लिए आ गया। राजा पर भी पूर्व में आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज हैं। हालांकि मामले में आरोपी बने गोलू और विक्की सिलावट से उसका पुराना पारिवारिक विवाद चल रहा था।
अवैध कब्जा और वसूलीबाजी कराएगी और भी हत्याएं
गुंडे राजा सोनकर की हत्या के कारणों को तलाशते तलाशते पड़ताल में खुलासा हुआ कि पवनपुरी पालदा कॉलोनी के जिस बस डिपो में हत्या हुई वह बस डिपो अवैध कब्जे की जमीन पर बनाया है। ये कब्जेबाजी नवीन सिलावट और अमित सोनकर ने की हुई है। ये दोनों अपने गुगों के साथ मिलकर वहां खड़ी होने वाली बसों से 200 से 300 रुपए पार्किंग चार्ज वसूलते हैं। यहां खड़ी होने वाली बसों की आड़ में इनसे जुड़े असामाजिक तत्व गांजा, चरस, स्मैक, एमडी, ब्राउन शुगर और शराब का नशा करते हैं। राजा की हत्या भी इसी की परिणिती है। पुलिस यहां गश्त के नाम पर कुछ नहीं करती है। इतना ही नहीं, नवीन सिलावट और अमित सोनकर ने पवनपुरी कॉलोनी के रहवासियों के लिए नगर निगम की तरफ से कराए बोरिंग पर एक नल का कनेक्शन अवैध रूप से कर लिया है। खास बात यह कि इन कनेक्शन को अवैध डिपो में ले जाया गया है। जनता के हक के पानी से बसों को धुलवाया जाता है। बसों की धुलाई के पैसे भी अलग से वसूले जाते हैं। जनता में आक्रोश है, लेकिन आपराधिक तत्वों से विवाद करने से बचते हैं। रहवासियों का कहना है कि राजा की हत्या तो शुरुआत है, कल को यहां अन्य बड़े हत्याकांड से इनकार नहीं किया जा सकता।

(वारदात 1, पुलिस अभिरक्षा में आरोपी)
वारदात-2 : पैर पर चाकू मारा मौत तक बहता रहा खून
एमआईजी क्षेत्र की स्वर्णबाग कॉलोनी में मंगलवार दोपहर 20 वर्षीय क्षितिज खोमने घर से बाहर निकला ही था कि कालू और दो साधियों ने घेरकर चाकू मारा, जो पैर पर लगा। नस कटने पर खून तेजी से बहने लगा। परिजन उसे तत्काल डीएनएस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। टीआई सीबी सिंह के अनुसार रात में क्षितिज का आरोपी करण उर्फ रॉक और अभिषेक उर्फ कालू से विवाद हुआ था। मामले में पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में छापे मार रही है। इधर, मीडिया को जानकारी लगी है कि क्षितिज का परिवार पहले से परेशान था। पिता की मौत के बाद भाई और मां ही सहारा थे। परिवार की मकान में ही नीचे दुकाने हैं, जिनके किराए से गुजारा होता है। मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।

(मृतक क्षितिज) (आरोपी अभिषेक) (आरोपी करण)
वारदात-3: फायरिंग में एक की मौत, दो घायल, अंतिम संस्कार नहीं कराने पर अड़ी पत्नी
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित दिग्विजय नगर मल्टी में मंगलवार लगभग 2.30 बजे गोलियों की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। दो परिवारों के बीच हुए द्वागड़े में पहले मारपीट, फिर चाकूबाजी के बाद 2 से ज्यादा फायर किए गए। गोली लगने से महेश उर्फ बच्चू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंसूर व एक अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों परिवारों में पुरानी रंजिश थी, जिसमें दोनों पक्ष पिछली रात थाने जाकर समझौता कर चुके थे। दोपहर में फिर इनमें विवाद हो गया। डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया मामले में 2 मुख्य आरोपी फरार हैं। महेश उर्फ चच्चू का नाम गांजा तस्कर कालू से जुड़ा बताया गया है। मृतक की पत्नी पूजा के मुताबिक सालभर पहले हुए विवाद की लेकर मिथुन, मनोज, सीताराम, गणेश चोटी, अरविंद, राजेश ने पड़वा को पथराव किया था, जिसे लेकर थाने पर शिकायत करने गए थे, लेकिन पुलिस ने शिकायत दर्ज नाहीं की। घर पहुंचे तो आरोपियों ने हमला कर दिया। मिथुन बंदूक लेकर आया और राजेश को थमा दी। राजेश और मनोज ने महेश पर गोली चला दी। मंसूर पहलवान बचाने आए तो उन पर भी फायर किया। पूजा रघुवंशी ने बताया पलि का शव लेकर थाने जाऊंगी और धरना दूंगी। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई तक अंतिम संस्कार नहीं होगा।




