
मेवाड़ के जंगलों में बनी सागवान मूवी 16 जनवरी को होगी रिलीज
मूवी में उदयपुर के पुलिस अधिकारी हिमांशु राजावत का होगा मुख्य रोल, मूवी में अंधविश्वास को लेकर काफी काम किया

उदयपुर, राजस्थान। मेवाड़ के घने सागवान जंगलों में शूट हुई राजस्थानी फिल्म ‘सागवान’ आखिरकार 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म अंधविश्वास, डर और इंसानी सोच की गहराइयों को छूती है, जो समाज की कड़वी सच्चाइयों से प्रेरित है। पूरी तरह राजस्थानी कलाकारों, तकनीशियनों और संगीत से सजी यह फिल्म राजस्थानी सिनेमा के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकती है।फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं उदयपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हिमांशु सिंह राजावत, जो न केवल लीड एक्टर हैं बल्कि कहानी, संवाद और निर्देशन की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उनके साथ बॉलीवुड अभिनेता सयाजी शिंदे, एहसान खान, मिलिंद गुणाजी और रश्मि मिश्रा जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की कहानी पुलिस अधिकारी के रियल लाइफ अनुभवों से निकली है, जो शिक्षा की कमी से उपजे अंधविश्वास के चंगुल में फंसे लोगों की जागरूकता की कोशिश करती है।सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सराहा है और इसे परिवार के साथ देखने लायक बताया है। बिना किसी अश्लीलता या अपशब्द के यह साफ-सुथरी फिल्म समाज को आईना दिखाती है कि आस्था जब डर में बदल जाती है तो इंसान हैवानियत की हदें पार कर लेता है।निर्माता प्रकाश मेनारिया और सह-निर्माता अर्जुन पालीवाल ने बताया कि ‘सागवान’ सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को सोचने पर मजबूर करने वाली फिल्म है।फिल्म प्रमोशन का जोरदार आयोजन
5 जनवरी को उदयपुर के लाभगढ़ रिसोर्ट में फिल्म का प्रमोशन कार्यक्रम हुआ, जिसमें WWE सुपरस्टार द ग्रेट खली, अरावली ग्रुप के डॉक्टर आनंद गुप्ता और भाजपा जिला देहात महामंत्री कन्हैयालाल मीणा अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस कार्यक्रम ने फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह को और बढ़ा दिया है।’सागवान’ उन कलाकारों के लिए उम्मीद की किरण है जो अपनी भाषा और संस्कृति में बड़ा करना चाहते हैं।




