आदर्श लखारा समाज सेवा संस्थान जिला कार्यकारिणी ने प्रशासन को भू आवंटन के लिए सौंपा ज्ञापन
समाज जनों की निःशुल्क या रियायती दर पर भू आवंटन की मांग

आदर्श लखारा समाज सेवा संस्थान जिला कार्यकारिणी ने प्रशासन को भू आवंटन के लिए सौंपा ज्ञापन
चित्तौड़गढ़, राजस्थान। चित्तौड़गढ़ के आदर्श लखारा समाज सेवा संस्थान ने सामाजिक भवन और छात्रावास की मांग को लेकर आज सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। चित्तौड़गढ़ व आस पास में सैकड़ों लखारा समाज बंधु निवासरत हैं। समाज के लोगों का कहना है कि समुदाय के पास छात्रावास एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भूखंड की कमी है। जबकि अन्य समाज वर्गों के लिए सामुदायिक भवन भूखंड प्रशासन द्वारा प्रदान किया गया है। ऐसे में लखारा समाज को विद्यार्थियों के लिए छात्रावास सुविधा एवं अपने सामाजिक समारोह के आयोजनों के लिए भवन की कमी से जूझना पड़ रहा है।

समाज के लिए भूखंड आवंटन को लेकर आदर्श लखारा समाज सेवा संस्थान के जिला अध्यक्ष गोपाल लाल लखारा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रशासन (भू अवाप्ति) को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख करते कहा गया है कि लखारा समाज का जिला लेवल पर एक भी सामुदायिक/छात्रावास भवन नहीं होने के कारण समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन के लिए एवं विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा अध्ययन के लिए जिला स्तर पर छात्रावास की सुविधा नहीं होने से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समाज की स्थिति को देखते हुए लखारा समाज सेवा संस्थान को निःशुल्क या रियायती दर पर भूमि आवंटन कराई जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से जिला मंत्री मदन लाल लखारा, जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम लखारा, सहित जिला उपाध्यक्ष कैलाश लखारा, सत्यनारायण लखारा, महासचिव दुर्गेश कुमार लक्षकार, सुरेश लखारा, जिला मीडिया प्रभारी सत्यनारायण लखारा, सुमित लखारा, बंशीलाल लखारा, अम्बा लाल लखारा, दिलीप लखारा, आदर्श लखारा युवा संगठन जिला अध्यक्ष सुधीर कुमार लक्षकार, बाबूलाल सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।




