टॉप न्यूज़राजस्थान

एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने संभाली चित्तौड़गढ़ जिले की कमान।

कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण रहेगा सर्वोच्च प्राथमिकता

एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने संभाली चित्तौड़गढ़ जिले की कमान।

कानून का राज और अधिक मजबूत होगा, अपराधियों पर सख्त कार्यवाही होगी- एसपी यादव

कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण रहेगा सर्वोच्च प्राथमिकता।

चित्तौड़गढ़, राजस्थान। जिले के नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने आज शनिवार को चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के पश्चात उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को साझा करते हुए प्रभावी एवं जनहितकारी पुलिसिंग का भरोसा दिलाया।

पदभार ग्रहण के दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान में सम्पूर्ण राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और चित्तौड़गढ़ पुलिस भी इस दिशा में गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने आमजन से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं भरोसेमंद पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं पीड़ितों को न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

पुलिस अधीक्षक यादव ने कहा कि पुलिस मुख्यालय एवं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान समय में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना तथा संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ जिला मध्यप्रदेश की अंतरराज्यीय सीमा से जुड़ा होने के कारण अपराध की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण जिला है, ऐसे में अवैध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जिले में अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही तस्करी में संलिप्त गिरोहों एवं उनके सप्लायरों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठित अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रिय भूमिका रहेगी।

उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र यादव वर्ष 2014 में भारतीय पुलिस सेवा में चयन हुए थे। इससे पूर्व वे जिला सिरोही, धोलपुर, जोधपुर ग्रामीण एवं भीलवाड़ा में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकालों में उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा प्रशासनिक कार्यकुशलता के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किया है।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा, वृत्ताधिकारी चित्तौड़गढ़ ग्रामीण दिनेश सुखवाल, यातायात प्रभारी आशुतोष, रीडर देवेन्द्र कुमार, निजी सचिव नरेश सोनी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!